Today Breaking News

गाजीपुर में 10 बालू लदे ट्रक जब्त, 2.87 लाख का जुर्माना लगाया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद स्थित भांवरकोल थाना पुलिस और खनन विभाग ने मंगलवार की भोर में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान लाल बालू से लदे 10 ट्रकों को जब्त कर उन पर जुर्माना लगाया गया। जुर्माना राशि अदा न करने पर सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है।
खान निरीक्षक ईश्वरचंद और भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बालू लदे वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान ऐसे 10 ट्रक पकड़े गए जिनके पास लाल बालू परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं थे।

खान निरीक्षक ईश्वरचंद ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर थाना मुख्यालय के पास चेकिंग के दौरान अंतर-राज्य परिवहन शुल्क जमा न करने के कारण यह कार्रवाई की गई। प्रत्येक ट्रक पर 28,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना राशि अदा न करने पर सभी 10 ट्रकों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है।
 
 '