Today Breaking News

गाजीपुर में फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, दूसरे की जगह परीक्षा देने पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक परीक्षा में फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सूचना पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 23 फरवरी 2026 को सुबह 9:30 बजे की है। दुल्लहपुर थाना को इसकी सूचना शाम 4:42 बजे मिली। आरोप है कि बाबा भगेलू दास करुई बहलोलपुर परीक्षा केंद्र पर प्रधानाचार्य की देखरेख में परीक्षार्थी शुभम यादव (अनुक्रमांक 1262105831) के स्थान पर दूसरे युवक को बायोमैट्रिक जांच कराए बिना परीक्षा दिलाई गई।

जांच में पता चला कि शुभम यादव पुत्र रविंद्र यादव की जगह शिवम यादव पुत्र महेंद्र यादव, निवासी ग्राम कंधेरी, थाना सराय लखंशी, जनपद मऊ, परीक्षा दे रहा था।

इस संबंध में, स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश फील्ड यूनिट वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने दुल्लहपुर थाना में तहरीर दी। इस शिकायत के आधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 28/2026 पंजीकृत किया गया है। मामले में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक 2024 की धारा 07/13(3), 08/09/13(4) और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने इस मामले में शिवम यादव पुत्र महेंद्र यादव (निवासी ग्राम कंधेरी, थाना सराय लखंशी, जनपद मऊ) और विंध्याचल यादव (प्रधानाचार्य, पुत्र कालिका प्रसाद यादव, निवासी ग्राम करुई (बहलोलपुर), थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर) को गिरफ्तार किया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सार्वजनिक परीक्षाओं की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
 '