गाजीपुर में प्रधानाध्यापक पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित स्व. कतवारू यादव मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक विक्रम कुशवाहा पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में प्रधानाध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए।
विक्रम कुशवाहा पुत्र कन्हैया सिंह कुशवाहा विद्यालय से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह डांडी कला बगीचे में पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से तीन बाइकों पर सवार करीब नौ लोग पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने किसी धारदार हथियार (फाइटर) से उनके सिर पर वार किया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल प्रधानाध्यापक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है तथा आरोपितों की तलाश की जा रही है।
