Today Breaking News

गाजीपुर में DRM ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने 07 फरवरी 2026 को सैदपुर भीतरी स्टेशन और औड़िहार स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सैदपुर भीतरी स्टेशन पर उन्होंने यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ट्रैक की स्थिति, रेल पटरियों, स्लीपर, बैलास्ट, जॉइंट्स और सिग्नलिंग व्यवस्था का भी गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के उपरांत, मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पैनल के उपकरणों की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपकरणों की समय-समय पर जांच, रिकॉर्ड संधारण और किसी भी तकनीकी कमी का तत्काल निराकरण किया जाए, जिससे रेल परिचालन पूर्णतः सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री जैन ने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान, मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली एवं अनुशासन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके पश्चात, मंडल रेल प्रबंधक ने औड़िहार में स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शेड में उपलब्ध रख-रखाव व्यवस्थाओं, संरक्षा मानकों, स्वच्छता, उपकरणों की कार्यशीलता तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान, मंडल रेल प्रबंधक ने DEMU ट्रेनों के अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने शेड में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
 
 '