गाजीपुर में CTET परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न, हुए पुख्ता इंतजाम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह क्षेत्र में शनिवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 का सफल आयोजन किया गया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित यह परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सीटीईटी परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह की पाली में पेपर-द्वितीय (उच्च प्राथमिक स्तर) और दोपहर की पाली में पेपर-प्रथम (प्राथमिक स्तर) की परीक्षा हुई। लाखों अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर था। परीक्षा केंद्रों के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।
मरदह के एमआरडी पब्लिक स्कूल, सेवठा सिंगेरा में प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। बोर्ड के सख्त निर्देशों के अनुसार, किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं थी।
प्रतिबंधित वस्तुओं में मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट, हेयर बैंड, अन्य एक्सेसरीज, बैग, हेलमेट और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स शामिल थे।
परीक्षा में किसी भी अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए पूरे केंद्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया था। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सफलता के लिए विषय की तैयारी के साथ-साथ नियमों का अनुशासन भी अनिवार्य है। अभ्यर्थियों ने रिपोर्टिंग टाइम और ड्रेस कोड सहित सभी विस्तृत दिशा-निर्देशों का पालन किया। प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र की जांच की गई।
केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों ने भी प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया।
