गाजीपुर में ट्रेन पर पत्थरबाजी का आरोपी गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर पत्थरबाजी के एक मामले में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परवेज अंसारी के रूप में हुई है, जिसे बीते दिन रौजा ओवरब्रिज के पास से पकड़ा गया।
रेलवे पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया, सविरत्म गौतम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जीआरपी थानाध्यक्ष गाजीपुर सिटी और आरपीएफ प्रभारी थाना गाजीपुर सिटी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
यह गिरफ्तारी धारा 153 रेलवे अधिनियम के तहत दर्ज मामले में हुई है। आरोपी परवेज अंसारी, रसीद अंसारी का पुत्र है और काशीराम आवास कॉलोनी, आदर्श बाजार, थाना कोतवाली, जिला गाजीपुर का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के दौरान परवेज अंसारी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए कभी कबाड़ बीनता है या छोटी-मोटी चोरियां करता है। उसने स्वीकार किया कि लगभग 10 दिन पहले नशे का इंतजाम न होने के कारण वह बेचैन था।
उसने बताया कि रौजा पुल के आगे रेलवे लाइन के पूरब तरफ उसे एक ट्रेन आती दिखी। ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर एक व्यक्ति मोबाइल चला रहा था। परवेज ने रेलवे लाइन से पत्थर उठाकर मोबाइल गिराने के इरादे से फेंका, लेकिन पत्थर ट्रेन की खिड़की के शीशे पर लगा। इसके बाद वह मौके से भाग गया। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी गाजीपुर सिटी के थानाध्यक्ष पवन कुमार और आरपीएफ पोस्ट गाजीपुर सिटी के प्रभारी प्रियाम्ह ज प्रिय शामिल थे।
