Today Breaking News

गाजीपुर में डिवाइडर से टकराई कार, एयरबैग खुलने से बचे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के औड़िहार त्रिमुहानी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक फोर-व्हीलर डिवाइडर से टकरा गई। यह घटना तब हुई जब वाहन गोरखपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
जानकारी के अनुसार, वैभव सिंह अपने मामा राजकुमार सिंह के साथ अपनी फोर-व्हीलर से यात्रा कर रहे थे। औड़िहार त्रिमुहानी के पास मुख्य हाईवे के टर्निंग पॉइंट पर अचानक एक बाइक फोर-व्हीलर के सामने आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई।

यह टर्निंग पॉइंट मुख्य हाईवे पर क्रॉसिंग के लिए भी खुला है, जिसके कारण यहां आए दिन वाहन आपस में टकराते रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थान दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बन गया है।

सैदपुर कोतवाल वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।