Today Breaking News

गाजीपुर में श्री राधे होटल सील, आपत्तिजनक सामान बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र स्थित कठवा मोड़ के श्री राधे होटल एंड फैमिली रेस्टोरेंट पर बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापा मारा। होटल में संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को होटल के अंदर केबिन की तरह बनाए गए छोटे-छोटे कमरे मिले, जो पर्दों से ढके थे। तलाशी में कई कमरों के बिस्तर अस्त-व्यस्त पाए गए। पुलिस को इन कमरों से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहकों को घंटे के हिसाब से कमरे दिए जाते थे, जिसके लिए 1000 से 2000 रुपए तक वसूले जाते थे।

पुलिस के अनुसार, इस होटल को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के आने और अवैध गतिविधियां संचालित होने का जिक्र था। शिकायतों के आधार पर नोनहरा थाना पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नायब तहसीलदार की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। होटल प्रबंधक और कर्मचारियों से पूछताछ की गई, जिसमें रजिस्टर में दर्ज विवरण से घंटे के हिसाब से कमरे देने की पुष्टि हुई।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद होटल को बंद कर दिया गया है। होटल प्रबंधक के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।