Ghazipur News: पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने सीएम योगी से की मुलाकात, गंगा पर पक्के पुल की मांग
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां की पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भदौरा ब्लॉक क्षेत्र में गहमर और बारा के बीच गंगा नदी पर बने पीपा पुल के स्थान पर एक स्थायी पक्के पुल के निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने इसे जनहित से जुड़ी परियोजना बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया।
सुनीता सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री के निर्देश पर गहमर और बारा के बीच पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। इस पुल ने जमानियां विधानसभा को मुहम्मदाबाद विधानसभा से जोड़ा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन सुगम हुआ।
उन्होंने कहा कि यह पीपा पुल मुहम्मदाबाद क्षेत्र से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की दूरी को लगभग 10-12 किलोमीटर कम कर देता है। यदि यहां पक्का पुल बन जाता है, तो जमानियां के साथ-साथ मुहम्मदाबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि पक्का पुल बनने से बिहार के चौसा, रामगढ़, कैमूर और भभुआ के लोगों को भी लखनऊ सहित अन्य शहरों तक आने-जाने में आसानी होगी। इससे क्षेत्रीय व्यापार और यातायात को बढ़ावा मिलेगा।
सुनीता सिंह ने जानकारी दी कि पहले वीरेंद्र सिंह मस्त द्वारा इस स्थान पर पक्का पुल बनाने का प्रस्ताव किया गया था और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार की जा चुकी थी। हालांकि, कुछ कारणों से कार्य आगे नहीं बढ़ सका। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द स्वीकृति देने और संबंधित विभागों को पुल निर्माण के निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
