गाजीपुर में मलेठी मोड़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में मलेठी मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रात लगभग 8 बजे हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों की पहचान मलिकपुरा निवासी राजू और उनके एक साथी के रूप में हुई है। राजू मलेठी मोड़ पर महादेव वस्त्रालय नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं। वे अपनी दुकान बंद कर स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान आजमगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार मलेठी मोड़ पर सब्जी की दुकान के पास चारमुहानी की तरफ गाजीपुर जाने के लिए निकल रहे थे, तभी स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो की गति इतनी तेज थी कि उसका नंबर कोई देख नहीं पाया और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। हल्का दरोगा मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर UP 61 AW 9815 (स्प्लेंडर) है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई थी और पुलिस स्कॉर्पियो सवारों की तलाश कर रही थी।
