Today Breaking News

गाजीपुर में छात्राओं ने एसिड अटैक का डर जताया, महिला आयोग अध्यक्ष ने जांच का निर्देश दिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान ने गाजीपुर का दौरा किया। इस दौरान राजकीय महिला कॉलेज की छात्राओं ने बाजारों में खुलेआम बिक रहे एसिड को लेकर एसिड अटैक का डर जताया। अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी को एसिड की बिक्री की जांच के निर्देश दिए।
गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर गाजीपुर पहुंचीं बबिता सिंह चौहान ने सबसे पहले मेडिकल कॉलेज स्थित महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आयोजित गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक सुरक्षा और भविष्य को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि बेटियां आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म पर 5 हजार रुपये की सहायता, इंटरमीडिएट तक पढ़ाई पूरी करने पर 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।

इसके बाद अध्यक्ष राजकीय महिला कॉलेज गाजीपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने छात्राओं के साथ संवाद किया। बातचीत के दौरान कई छात्राओं ने बाजारों में एसिड की खुलेआम बिक्री पर चिंता व्यक्त की। छात्राओं ने बताया कि इस कारण उनके मन में एसिड अटैक का डर बना रहता है।

छात्राओं की इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए बबिता सिंह चौहान ने कहा कि यदि बेटियों के मन में ऐसा भय है तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी को बाजारों में एसिड की बिक्री की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया।