गाजीपुर में यूपी बोर्ड की परीक्षा में 5 मुन्ना भाई पकड़े गए, भेजा गया जेल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान शुक्रवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा में पांच फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। केंद्र व्यवस्थापक हरिनारायण सिंह की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्ज किया गया और शनिवार को सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान मजिस्ट्रेट जांच टीम को सैदपुर के सियावा गांव स्थित आदर्श इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर फर्जी परीक्षार्थियों के होने की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने तत्काल केंद्र पर पहुंचकर अनुक्रमांक, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों का मिलान शुरू किया।
जांच के दौरान चार कक्षों से कुल पांच परीक्षार्थी ऐसे पकड़े गए जो मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इनमें पहाड़पुर गांव निवासी संदीप यादव के स्थान पर राहुल कुशवाहा, करंडा निवासी अभिषेक यादव के स्थान पर सत्येंद्र शर्मा, वाराणसी जनपद के चोलापुर निवासी पृथ्वी सिंह के स्थान पर आकाश सिंह, देवकली निवासी भास्कर यादव के स्थान पर अजय यादव तथा चांड़ीपुर गांव निवासी राहुल यादव के स्थान पर सूरज यादव परीक्षा देते पाए गए।
कार्रवाई के दौरान परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
