गाजीपुर में 3 लाख नहीं मिलने पर विवाहिता को भगाया, सामूहिक विवाह में की शादी, 7 पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर थाना में रविवार को नवविवाहिता की शिकायत पर उसके पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले तीन लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। एसपी के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 30 जनवरी 2024 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गहमर निवासी लालबहादुर कुशवाहा से शादी हुआ था। गवना से पहले 6 मार्च 2024 को उसके मायके सेवराई में बारात आई थी और हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न हुआ।
पीड़िता के पिता ने ससुराल वालों की मांग के अनुसार अपनी सामर्थ्य अनुसार उपहार स्वरूप दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, सिकड़ी, सोफासेट, पलंग, ड्रेसिंग टेबल, टीवी, वाशिंग मशीन और बाइक दी। इसके अलावा, पीड़िता को सोने-चांदी के गहने और घर गृहस्थी का संपूर्ण सामान भी दिया गया।
शादी के बाद कुछ दिनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वालों ने पीड़िता पर मायके से तीन लाख रुपये लाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। विरोध करने पर पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता ने बताया कि 5 फरवरी को रात करीब 8 बजे उसके पति लालबहादुर, ससुर दीनानाथ कुशवाहा, सास उषा देवी, जेठ बीरबहादुर सिंह कुशवाहा, जेठानी सविता देवी, देवर विजय बहादुर और ननद राज कुमारी देवी ने मिलकर उसे गंभीर रूप से पीटा। वहीं, गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
