Today Breaking News

गाजीपुर में सड़क हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत, तेज़ रफ्तार पिकअप ने मारी थी टक्कर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सिनेमा ग्राम सभा के 16 वर्षीय ओमप्रकाश सरोज पुत्र राजेश सरोज की बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन दिन पहले गुरुवार को ओमप्रकाश सरोज अपने 17 वर्षीय मित्र ऋतिक सरोज पुत्र अनिल सरोज के साथ मोटरसाइकिल पर घर के लिए सामान खरीदने सलामतपुर चट्टी गए थे। सामान लेकर वापस लौटते समय विपरीत दिशा से तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मऊ रेफर किया। परिजनों ने ओमप्रकाश की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, लेकिन तीन दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक ओमप्रकाश घर का इकलौता पुत्र था और उसकी चार बहनें हैं, जिनकी शादी अभी नहीं हुई थी। गांव में मौत की खबर मिलते ही कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांववासी भी इस हादसे से गमगीन हैं और मृतक के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।