Today Breaking News

गाजीपुर में अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, तीन लोग घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत आगापुर पारा गांव में एक अनियंत्रित ट्रक सीधे एक मकान में जा घुसा। इस दुर्घटना में ट्रक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष पाठक (45 वर्ष) पुत्र स्व. सिंहासन यादव, निवासी ग्राम मनाजीत थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ, अपने साथी रंजीत यादव (35 वर्ष) पुत्र रामकरण यादव और संजू यादव (35 वर्ष) पुत्र अमेरिका यादव के साथ ट्रक लेकर सामान लादने जा रहे थे।

इसी दौरान आगापुर पारा गांव के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। यह कन्हैया विश्वकर्मा के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। राहत की बात यह रही कि उस समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। हादसे के बाद ट्रक में सवार तीनों लोग घायल हो गए, जिनमें संतोष पाठक की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर बिरनो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और मामले की जांच कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों ने इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।