Today Breaking News

गाजीपुर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, कर्णफूल और पीली धातु बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान में सफलता हासिल की है। सेवराई चौकी पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो कर्णफूल और एक जोड़ा पीली धातु बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश और क्षेत्राधिकारी जमानियां अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक गहमर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी सेवराई विपिन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गहमर थाने में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 43/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोर रेलवे क्रॉसिंग भदौरा से रेलवे स्टेशन भदौरा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने भदौरा स्टेशन के बाहर स्थित दुर्गा मंदिर के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उदयनारायण राम पुत्र बलिराम के रूप में हुई है, जो रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रेवतीपुर गांव स्थित भीष्मराय पट्टी का निवासी है।

पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।