Today Breaking News

गाजीपुर की कनक सिंह का नायब तहसीलदार पद पर चयन, UPPCS 2024 में 12वीं रैंक हासिल किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मरदह थाना क्षेत्र के हरिहरपुर जुझारपुर गांव निवासी कनक सिंह ने यूपी पीसीएस 2024 में 12वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन नायब तहसीलदार पद के लिए हुआ है। कनक की यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत और मजबूत इरादों का परिणाम है।
शुरुआती दो प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में शानदार सफलता हासिल की। जैसे ही चयन की खबर गांव पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे ‘क्षत्राणी का कमाल’ बताते हुए कनक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कनक के पिता महातम सिंह आयकर विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी नौकरी के कारण कनक की प्रारंभिक शिक्षा महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद उन्होंने बलिया, मिर्जापुर, जौनपुर और वाराणसी में पढ़ाई की। वाराणसी के सेंट जॉन्स (DLW) से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया।

उच्च शिक्षा के लिए वह दिल्ली गईं, जहां उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक (BA) और इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) से परास्नातक (MA) किया। कनक का परिवार वर्तमान में प्रयागराज के झूसी स्थित त्रिवेणीपुरम में रह रहा है। परिवार में माता सुमन सिंह, दो भाई ज्ञानेंद्र प्रताप और आलोक प्रताप तथा बहन गरिमा सिंह हैं। कनक की इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है।