गाजीपुर में गंगा में डूबा युवक, मछली पकड़ने गया था
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुहम्मदाबाद के बच्छलपुर तट पर गंगा में डूबे ग्राम पंचायत प्रधान की बरेजी गांव निवासी रामप्रवेश चौधरी (35) का शव शनिवार को सुबह करीब 11:30 बजे मिला।
शव घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर शिवरायकापुरा गांव के पास उतराया हुआ पाया गया।
रामप्रवेश चौधरी शुक्रवार को अपने गांव के चार-पांच युवकों के साथ बच्छलपुर गांव के पूर्वी सिरे पर कटान रोकने के लिए बनाए गए ठोकर के पास मछली पकड़ रहे थे।
मछली पकड़ने के दौरान वह पानी में उतरकर ठोकर के नीचे चले गए। गहरे पानी में फंसने के कारण वह डूब गए।
उन्हें डूबता देख साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाना शुरू किया। आसपास मौजूद मल्लाहों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
युवक के डूबने की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी मौके पर पहुंचीं।
देर शाम भुल्लनपुर, वाराणसी से उपनिरीक्षक ऋषभ गौतम के नेतृत्व में एसडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरा होने के कारण खोजबीन शुरू नहीं हो सकी।
शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने डूबे युवक की तलाश में गहमर तक खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। लौटते समय शिवरायकापुरा के पास रामप्रवेश का शव उतराया हुआ मिला। एसडीआरएफ के जवान शव को बोट पर रखकर बच्छलपुर तट पर लाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। युवक का शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर परिवार की महिलाएं और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक रामप्रवेश के परिवार में उनकी मां धनवती देवी, पिता अनंत राम, पत्नी नीतू, पुत्र कृष्णा, सुनील और अरविंद तथा भाई लक्ष्मण शामिल हैं।
