Today Breaking News

गाजीपुर में पिकअप से 8 गोवंश बरामद, एक ने दम तोड़ा, 5 तस्कर मौके से फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भांवरकोल में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। सियाड़ी गांव के समीप ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर एक बोलोरो पिकअप वाहन से आठ गोवंशीय पशु बरामद किए गए। पुलिस को देखते ही मौके से पांच तस्कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन में आठ गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर लादा गया था। इस अमानवीय तरीके से लादे जाने के कारण एक सांड की वाहन में ही मौत हो गई थी। इसके अतिरिक्त, चार गोवंशीय पशु गंभीर रूप से घायल पाए गए, जबकि तीन अन्य पशु भी चोटिल अवस्था में मिले।

पशु चिकित्सा विभाग के पैरावेट कर्मी उपेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर चोटिल पशुओं का उपचार किया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाना परिसर पहुंचाया। वाहन में क्रूरतापूर्वक लादे जाने के कारण चार पशु बेहोशी की हालत में थे, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वाहन से नीचे उतारा और पानी के छींटे मारे। कुछ देर बाद पशु खड़े हुए और पानी पीया।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि बोलोरो पिकअप में लदे आठ सांडों में से मृत सांड के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। चोटिल और गंभीर रूप से घायल सांडों का प्राथमिक उपचार भी जारी है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और वाहन छोड़कर भागे पांच तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बरामद वाहन को सीज किया जाएगा।