Today Breaking News

गाजीपुर में UP पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न, 2210 अभ्यर्थी अनुपस्थित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा का पहला दिन संपन्न हो गया। जिले के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। दोनों पालियों में कुल 8160 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2210 अनुपस्थित रहे, जबकि 5950 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने गाजीपुर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने आदर्श इंटर कॉलेज मुहआबाग, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज गाजीपुर का दौरा कर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड की गहन जांच सुनिश्चित की। यह कदम किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए उठाया गया था।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात प्रधानाचार्यों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।