Today Breaking News

गाजीपुर में शराब तस्कर गिरफ्तार, 18.5 लीटर शराब बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर में जीआरपी पुलिस ने करहिया हाल्ट स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18.5 लीटर अवैध शराब बरामद की है। जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि सुबह करीब 8:10 बजे गश्त के दौरान थाना जीआरपी डीडीयू की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले पिट्ठू बैग से भारी मात्रा में अंग्रेजी व देशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान मंजय कुमार (19) पुत्र अरविंद राज, निवासी ग्राम बहरामपुर, थाना राघवपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने थाना जीआरपी में मु0अ0सं0 53/26 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस के अनुसार इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में शराब तस्करी पर अंकुश लगेगा।