गाजीपुर में मिट्टी लदे ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत, परिजनों ने सड़क जाम की
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा दयालपुर में सोमवार शाम करीब 7 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक प्रभु बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से यह हादसा हुआ। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हुसैनपुर निवासी प्रभु बिंद अपनी स्प्लेंडर बाइक से शादियाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सादात की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रभु बिंद सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के पिता का नाम स्व. रामकरन बिंद था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में दुख का माहौल छा गया। प्रभु बिंद अपने पीछे तीन छोटे बच्चों शुभम (8), शिवम (10) और पुत्री सुनैना (12) को छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण रही।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर सादात–शादियाबाद मार्ग को जाम कर दिया। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पवन उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन मुआवजे और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
