Today Breaking News

गाजीपुर में अनियंत्रित ट्रक ढाबे में घुसा, डिवाइडर पार कर दो कारें तोड़ीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर हैदरगंज के पास एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पार कर एक ढाबे में जा घुसा। इस हादसे में ढाबे के सामने खड़ी दो कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मऊ की ओर जा रहा ट्रक बेकाबू होकर पहले सड़क के बीच का डिवाइडर पार कर गया। इसके बाद वह ढाबे के सामने खड़ी दो कारों को रौंदते हुए आगे बढ़ा और वहां रखे एक विद्युत ट्रांसफार्मर से टकराकर रुक गया। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर के कारण ट्रक सीधे ढाबे के अंदर नहीं जा पाया, जिससे वहां मौजूद दर्जनों लोग बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे गाड़ी चलाते समय नींद की झपकी आ गई थी, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रक बिहार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते बालू लादने के लिए खाली जा रहा था।

इस दुर्घटना में ट्रक चालक, जो सरैनी, थाना महुली का निवासी है, और खलासी शनि कुमार, जो परसिया, थाना हरपुर, जिला संतकबीरनगर का निवासी है, को मामूली चोटें आई हैं। मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।