गाजीपुर में किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए भेजा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी से शनिवार को दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों ने दो युवकों पर आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने किशोरी को अस्त-व्यस्त हालत में थाने पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी से प्रारंभिक पूछताछ की। इसके बाद उसे महिला अभिरक्षा में मेडिकल मुआयना के लिए रेवतीपुर सीएचसी भेजा गया, जहां से उसे गाजीपुर महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। इस घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल है।
पीड़ित किशोरी के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार दोपहर दुकान पर सामान लेने गई थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन उसे खोजने निकले। इसी दौरान उनकी बेटी रोते हुए पैदल आती दिखी।
घर ले जाकर पूछताछ करने पर किशोरी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, किशोरी ने बताया कि दुकान से लौटते समय पड़ोस के दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
