गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी छोड़ यूट्यूब देखता रहा स्टॉफ, महिला की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में इलाज में कथित लापरवाही के कारण एक महिला मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला दर्द से तड़पती रही और अस्पताल का स्टाफ मोबाइल पर यूट्यूब देखने में व्यस्त था।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतका की पहचान उषा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उन्हें सीने में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी होने पर अस्पताल लाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि मरीज को भर्ती कराने के बाद उन्होंने कई बार डॉक्टर और स्टाफ से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें समय पर इलाज नहीं मिला। परिवार का दावा है कि वे करीब 2 से 3 घंटे तक इलाज शुरू करने की मांग करते रहे।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक कर्मचारी मेज के पास बैठा मोबाइल चलाता दिख रहा है, जबकि परिजन लगातार मदद की अपील कर रहे थे। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया है।
मृतका के पति कमलेश कुमार ने अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में स्टाफ नर्स निधि कुमारी और प्रीतम कुमार पर मरीज के साथ अभद्र व्यवहार और लापरवाही का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि करीब चार घंटे तक उचित उपचार न मिलने के कारण उषा देवी की मौत हो गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में परिजन मदद के लिए चिल्लाते नजर आ रहे हैं। परिजनों का दावा है कि उस समय स्टाफ ने उन्हें मरीज को कहीं और ले जाने की सलाह दी।
मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सिर्फ औपचारिक कार्रवाई होगी या प्रशासन सख्त कदम उठाकर जवाबदेही तय करेगा।
