Today Breaking News

गाजीपुर की प्रियंका चौधरी बनी IAS, UPSC में 79वां स्थान हासिल किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में गाजीपुर जिले के जखनिया ब्लॉक स्थित गौरा खास गांव की निवासी प्रियंका चौधरी ने 79वां स्थान प्राप्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जखनिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रियंका नीरा कनौजिया की पुत्री हैं।
प्रियंका चौधरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जखनिया के श्री महावीर सूर्योदय उत्तर माध्यमिक विद्यालय से यूकेजी से लेकर हाईस्कूल तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने शहीद इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की। उच्च शिक्षा और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए वह वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में रहीं।

प्रियंका के पिता नीरा कनौजिया जखनिया तहसील में उपजिलाधिकारी के चालक के रूप में कार्यरत रहे हैं और वर्तमान में तहसील के रिकॉर्ड रूम में नजारत पद पर हैं। पिछले एक वर्ष में परिवार ने कई दुख झेले हैं। लगभग एक वर्ष पूर्व प्रियंका के इकलौते भाई रितेश उर्फ गोल्डी का बीमारी के कारण निधन हो गया था, जो पीएचडी की तैयारी कर रहे थे। इसके करीब तीन माह बाद उनकी मां शांति देवी का भी आकस्मिक निधन हो गया। उनकी बड़ी बहन प्रीति घर पर रहकर पढ़ाई करती हैं।

इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद, प्रियंका ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को खोने के गम के बीच भी पढ़ाई जारी रखने और अपने क्षेत्र व जिले का नाम रोशन करने का दृढ़ संकल्प लिया। इसी लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

प्रियंका की सफलता पर उनके पिता नीरा कनौजिया ने खुशी व्यक्त की। रामचरण यादव, संतोष यादव, सर्वदलीय संघर्ष विकासशील समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह, शहीद इंटर कॉलेज के प्रबंधक विनोद पांडे, आमिर अली, सर्वोदय इंटर कॉलेज के प्रबंधक शंभूनाथ यादव, सीपीएम मंडल सचिव विजय बहादुर सिंह और डॉ. राजेश यादव सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रियंका को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
 '