Today Breaking News

गाजीपुर में बिहार के दो युवकों की मौत, दो बाइकों की टक्कर में गई जान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में आज शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। करमहरी गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें बिहार के दो युवक जान गंवा बैठे। एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना करमहरी गांव के पास हुई जब दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। एक मोटरसाइकिल का पहिया तक निकल गया, जिससे हादसे की गंभीरता का पता चलता है।

हादसे में दूसरी बाइक चला रहा करमहरी गांव निवासी 17 वर्षीय कृष्णा चौधरी (पुत्र गौरी शंकर) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को गंभीर हालत में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में से एक की पहचान 22 वर्षीय निरंजन कुमार (पुत्र लक्ष्मण राम) के रूप में हुई है, जो बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव का निवासी था। उसके साथ बाइक पर सवार दूसरे मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। अज्ञात युवक ने गुलाबी रंग की हाफ बाजू की टी-शर्ट और काली जींस पहन रखी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, एक अन्य मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।शवों को‌ कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया गया है।
 
 '