Today Breaking News

गाजीपुर की साइमा खान ने UPSC में 135वीं रैंक हासिल की, IRS अधिकारी के रूप में दे रही हैं सेवा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर क्षेत्र के उसिया गांव की बेटी साइमा खान ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परचम लहराते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वह आईआरएस अधिकारी के रूप में देश की सेवा कर रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखते हुए यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 135वीं रैंक हासिल कर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है तथा लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2023 में भी साइमा खान ने यूपीएससी परीक्षा में 165वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की थी, जिसके बाद उनका चयन आईआरएस के लिए हुआ था। उनकी इस उपलब्धि के बाद क्षेत्रीय लोगो की सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है।

साइमा के पिता सेराज अहमद खान पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक सफल व्यवसायी हैं। उनका पूरा परिवार कोलकाता में ही रहता है। वहीं साइमा की पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हुई। उन्होंने कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई मुंबई से, 12वीं सेंट पॉल्स एंड अशोक हॉल गर्ल्स सेकेंडरी स्कूल कोलकाता से तथा स्नातक की पढ़ाई सेंट जेवियर्स कॉलेज कोलकाता से पूरी की। साइमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के विश्वास, संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

 
 '