Today Breaking News

गाजीपुर में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सुहवल थाना पुलिस ने आज मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 12 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया। पूछताछ और मेडिकल जांच के उपरांत उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना एक दिन पहले थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। कक्षा छह में पढ़ने वाली पीड़िता अपने खेत पर घास काटने गई थी। इसी दौरान पड़ोस के एक युवक ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया।

घटना के बाद किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पीड़िता को घटना के तुरंत बाद मेडिकल जांच के लिए भेजा गया था।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष के साथ आरक्षी राहुल यादव और मुनेश प्रजापति भी शामिल थे।