Today Breaking News

गाजीपुर में स्टंट करते तीन स्कूली छात्र घायल, तेज रफ्तार बाइक आपस में टकराई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया में स्टंटबाजी के दौरान हुए एक हादसे में तीन स्कूली छात्र घायल हो गए। सोमवार को भैदपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक से स्टंट करते समय उनकी बाइकें आपस में टकरा गईं। घायल छात्रों को कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र स्कूल से घर लौट रहे थे और तेज गति से बाइक चलाकर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई, जिससे तीनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और चोटिल हो गए।

घायलों की पहचान रघुनाथपुर निवासी धनंजय कुमार (18), सबलपुर निवासी संदीप कुमार (19) और देवरिया निवासी शिवम यादव (18) के रूप में हुई है।

क्षेत्र में नाबालिग छात्रों द्वारा सड़कों पर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार बाइक चलाने का चलन हादसों का कारण बन रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को बाइक चलाने की अनुमति न दें ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।