Today Breaking News

गाजीपुर पुलिस ने पिकअप से चार गोवंश बरामद किए, दो आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर में पुलिस ने गोतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना खानपुर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से चार गोवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) व क्षेत्राधिकारी सैदपुर के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान खानपुर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम तिलौनी के रास्ते पिकअप वाहन में गोवंश लादकर चंदौली होते हुए बिहार ले जाने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और 16 मार्च 2026 की रात करीब 01:25 बजे वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप से चार गोवंश बरामद हुए। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के ग्राम रेहारी निवासी सोनू पुत्र राजेंद्र (लगभग 19 वर्ष) और जितेंद्र पुत्र भोला (लगभग 32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पिकअप वाहन संख्या UP63BT5438 और बरामद चारों गोवंश को जब्त कर लिया।

इस संबंध में थाना खानपुर में मु0अ0सं0 75/2026 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामबाबू सिंह, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल अविनाश, विजय यादव, अंकुर सोनकर और चालक कांस्टेबल नागेंद्र कुमार शामिल थे।