गाजीपुर में दुष्कर्म का फरार आरोपी किशोर गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले की रेवतीपुर थाना पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 17 वर्षीय आरोपी किशोर को बुधवार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे क्षेत्र के उतरौली नहर पुलिया के पास से घेराबंदी कर दबोचा, जब वह कहीं भागने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा था। आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की गई। पूछताछ और मेडिकल परीक्षण के उपरांत उसका चालान कर दिया गया। इसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जिसने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसे बाल सुधार गृह भेजने का आदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कुल दो आरोपी बनाए गए थे। इनमें से एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर उसका चालान कर चुकी है।
घटना बीते फरवरी माह के अंतिम सप्ताह की है। थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि बगल के कुछ युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर बहला-फुसलाया। वे उसे गांव के बाहर एक सुनसान जगह ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस घटना के बाद किशोरी के दादा ने आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से पुलिस इस पूरे मामले के खुलासे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी किशोर को आज नहर पुलिया के समीप से दबोच लिया गया,और उसका चालान कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया,वहाँ से उसे बाल सुधार गृह भेंज दिया गया।
