गाजीपुर में नवविवाहिता की रेलवे ट्रैक पर मौत, पति गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर के होलीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिली 25 वर्षीय नवविवाहिता बिंदु की लाश के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दहेज हत्या के मुख्य आरोपी पति महेंद्र को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सैदपुर के हुसैनपुर गांव निवासी रामअधार यादव ने लगभग ढाई वर्ष पूर्व अपनी बेटी बिंदु यादव का विवाह सैदपुर के फुलवारी कला गांव निवासी महेंद्र यादव से किया था। शादी के कुछ समय तक तो पति-पत्नी के बीच सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे पारिवारिक कलह शुरू हो गई।
लगभग 15 दिन पहले, रिश्तेदारों और समाज के गणमान्य लोगों के बीच दोनों पक्षों ने पंचायत की थी। हालांकि, इसके बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और विवाद जारी रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार की भोर में इसी पारिवारिक कलह के चलते बिंदु घर से निकली थी। बताया जाता है कि उसने ट्रेन आती देख रेलवे ट्रैक पर लेट गई, जिससे उसका शरीर दो हिस्सों में कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ट्रेन के चालक ने सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर सौरभ तिवारी को घटना की जानकारी दी। चालक ने बताया कि एक युवती अचानक ट्रेन के आगे आकर बैठ गई और दुर्घटना का शिकार हो गई।
हालांकि, बिंदु के मायके पक्ष के लोगों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर रखने का आरोप लगाया। बिंदु के पिता राम आधार की तहरीर पर पुलिस ने बीते सोमवार को पति महेंद्र, उसके माता-पिता, जेठ और जेठानी सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
