गाजीपुर में दुष्कर्म का आरोपी किशोर गिरफ्तार, पुलिस ने किया चालान
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले की रेवतीपुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक 17 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज सोमवार को उसके घर से पकड़ा गया, जब वह भागने की फिराक में था।
पुलिस आरोपी को थाने ले गई, जहाँ उससे गहन पूछताछ की गई। मेडिकल जांच के बाद, उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसे बाल सुधार गृह भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बीते शनिवार शाम की है। थाना क्षेत्र के एक गाँव की 14 वर्षीय हाईस्कूल छात्रा दुकान से सामान लेने गई थी। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गाँव के बाहर एक सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
परिजन छात्रा को खोज रहे थे, तभी वह रोते हुए घर की ओर आती मिली। घर ले जाकर जब उससे रोने का कारण पूछा गया, तो उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत उसे लेकर थाने पहुंचे।
किशोरी के दादा ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी पड़ोसी गाँव का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि उनकी टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, आरक्षी संपूर्णानंद और चालक चंद्रजीत शामिल थे। इस टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जहाँ से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
