गाजीपुर में रेलवे ट्रैक पर घंटों पड़ा रहा शव, सीमा विवाद में उलझी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में करहिया हाल्ट स्टेशन के पास मंगलवार रात एक 20 वर्षीय अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना 22971 पटना-मुंबई बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस के लोको पायलट ने कंट्रोल को दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। शव को उठाने को लेकर स्थानीय थाना पुलिस और जीआरपी के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर देर रात तक खींचतान चलती रही। दोनों ही पक्ष जिम्मेदारी लेने से बचते रहे, जिसके चलते युवक का शव घंटों तक डाउन लाइन के बीच ट्रैक पर पड़ा रहा। इस दौरान कई ट्रेनें शव के ऊपर से गुजरती रहीं।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि प्रशासन की इस लापरवाही ने न सिर्फ शव का अपमान किया, बल्कि मानवता को भी शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकार से पहले इंसानियत को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी।
जीआरपी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल ने बताया कि शव आउटर सिग्नल के बाहर मिला, इसलिए यह मामला स्थानीय थाना का है। वहीं गहमर थाना पुलिस का कहना था कि घटना रेलवे ट्रैक के बीच हाल्ट स्टेशन पर हुई, इसलिए कार्रवाई जीआरपी को करनी चाहिए।
करीब पूरी रात चले इस विवाद के बाद उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला सुलझा। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। फिलहाल मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं।
