गाजीपुर में सरकारी कार्यक्रम में लंच पैकेट की छीना-झपटी, बांट रहा व्यक्ति खाने वाला बॉक्स लेकर भागा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के ऑडिटोरियम सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ के लोक भवन सभागार से प्रदेश के 9 वर्षों के विकास पर आधारित वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 09 वर्ष” का विमोचन किया गया, जिसका सभागार में सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हालांकि, कार्यक्रम के समापन के बाद लंच पैकेट वितरण के दौरान व्यवस्था बिगड़ गई और लोगों के बीच पैकेट लेने को लेकर छीना-झपटी शुरू हो गई। कार्यक्रम खत्म होते ही लंच पैकेट लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कुछ ही देर में हालात ऐसे बन गए कि लंबी कतारें लग गईं और कई जगह धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति संभालना मुश्किल होने पर लंच बांटने वाले व्यक्ति को डिब्बा लेकर भागना पड़ा।
बाद में वह सभागार में रखी एक चौकी पर चढ़कर दोबारा पैकेट बांटने लगा, ताकि भीड़ से बचते हुए वितरण किया जा सके। इस दौरान पुरुष और महिलाएं पैकेट पाने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए और पानी लेने के लिए भी लोगों में होड़ लगी रही।
कार्यक्रम में आई महिला गायत्री देवी ने बताया कि लंच पैकेट लेने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनका कहना था कि पैकेट में भी कुछ खास नहीं था—एक टूटा हुआ लड्डू, 5 रुपये का नमकीन और 5 रुपये का बिस्किट ही दिया गया।
उन्होंने कहा कि वे लोग काफी देर तक कार्यक्रम में बैठे रहे, लेकिन इतनी देर इंतजार के बाद इतना साधारण लंच पैकेट मिला। महिला ने यह भी बताया कि उन्हें कार्यक्रम के बारे में पहले से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी, सिर्फ सामान्य रूप से आने के लिए कहा गया था। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर जहां लोग बैठे थे वहीं पर लंच बांट दिया जाता, तो इतनी धक्का-मुक्की की स्थिति नहीं बनती।
