Ghazipur News: गाजीपुर में दो दिन से एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म, मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रोजाना लौट रहे मरीज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दो दिन से एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं है। ऐसे में रोजाना करीब 90 से ज्यादा मरीजों को लौटना पड़ रहा है। यहीं नहीं कई मरीज तो एक से दो घंटे वैक्सीन के आने का इंतजार भी करते रहे।
इधर, नवनिर्मित 300 बेड अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब होने से 200 बेड अस्पताल में स्थित एक्स-रे मशीन पर मरीजों की भीड़ लग रही है। ऐसे में तीमारदारों को परेशानी हो रही है। शहर एवं ग्रामीण इलाकों के अलावा आस-पास के जनपदों एवं गैर प्रांत से प्रतिदिन करीब 4000 के आसपास मरीज उपचार कराने ओपीडी में पहुंच रहे हैं। यहीं नहीं आपातकक्ष में भी प्रतिदिन पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में यहां दो दिनों से एंटी रेबीज इंजेक्शन खत्म होने के चलते प्रतिदिन 90 मरीज वापस हो रहे हैं।
इसके अलावा नवनिर्मित 300 बेड अस्पताल में स्थापित एक्स- रे मशीन के खराब होने से मरीजों व तीमारदारों की परेशानी काफी बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी आपात अवस्था में पहुंचे मरीजों को उठानी पड़ रही है। लंबी कतार को देखते हुए तीमारदार मरीजों का एक्स-रे बाहर निजी केंद्रों से कराने को विवश है। मरीजों को हो रही परेशानी के बावजूद भी अब तक नवनिर्मित 300 बेड के अस्पताल में स्थापित एक्स-रे मशीन दो दिन बाद भी दुरुस्त नहीं हो सका है।
