गाजीपुर में MLC ने गिनाईं सरकारी उपलब्धियां, मेडिकल कॉलेज, एक्सप्रेसवे और योजनाओं से विकास का दावा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष और केंद्र सरकार के ग्यारह वर्ष पूरे होने पर विकास कार्यों की जानकारी दी। विकास भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
एमएलसी चंचल ने बताया कि जनपद में लगभग 208 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही, नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का कार्य भी तेजी से जारी है। सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर हाईवे का चौड़ीकरण, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी जैसे बड़े कार्य हुए हैं।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाखों किसानों को लाभ मिला है। सिंचाई और कुसुम योजना जैसी पहल से किसानों को सशक्त बनाया गया है।
सामाजिक योजनाओं के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, महिला पेंशन और कन्या सुमंगला योजना से हजारों लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। स्वास्थ्य और आवास के क्षेत्र में आयुष्मान योजना, जननी सुरक्षा योजना और विभिन्न आवास योजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
ग्रामीण विकास को नई दिशा देते हुए जिले में लाखों शौचालयों, सैकड़ों पंचायत भवनों और हजारों आवासों का निर्माण कराया गया है।
