गाजीपुर पुलिस IGRS शिकायत निस्तारण में प्रदेश में अव्वल, 27 में से 25 थाने भी शीर्ष पर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। फरवरी माह की रैंकिंग में मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए मूल्यांकन में गाजीपुर पुलिस की कार्यवाही 100 प्रतिशत पाई गई।
इस उपलब्धि के साथ, जिले के 27 थानों में से 25 थानों ने भी अपने स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस कार्यालय में गठित IGRS सेल जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजता है। इसके बाद थाना प्रभारी निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते हैं।
शिकायतों के निस्तारण के बाद आवेदकों से फीडबैक भी लिया जाता है, ताकि उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जा सके। पुलिस कार्यालय का IGRS सेल लगातार इस प्रक्रिया की निगरानी करता है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और पारदर्शिता भी बढ़ी है।
