गाजीपुर लोक अदालत में 1.25 लाख वाद निस्तारण का लक्ष्य - जनपद न्यायाधीश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिला न्यायालय परिसर से राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लगभग 1 लाख 25 हजार वादों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह रैली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और पराविधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के सदस्य, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत में वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा से संबंधित मामले, मोटर दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा विवाद, बंटवारा और शमनीय आपराधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लेने की अपील की। इसी दिन एक मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति के सदस्यों, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ प्रदान किया जाएगा।
