Today Breaking News

गाजीपुर में DIG ने यूपी SI परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2025 के दूसरे दिन रविवार को 11 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 8160 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन की परीक्षा को मिलाकर अब तक 16320 परीक्षार्थी शामिल हो चुके हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्णा और गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा प्रबंध और तैनात पुलिस बल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकल-विहीन होनी चाहिए। किसी भी अनुचित गतिविधि या अव्यवस्था पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों की आवाजाही के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, स्वाट और सर्विलांस टीमें भी सक्रिय की गई हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी गड़बड़ी को रोका जा सके।