गाजीपुर में गंगा में स्नान करते समय युवक डूबा, पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के गहमर स्थित पंचमुखी घाट पर रविवार शाम गंगा स्नान करते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक का पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।
डूबे हुए युवक की पहचान गहमर के सम्भलराय पट्टी निवासी 18 वर्षीय चंदन खरवार पुत्र मोती खरवार के रूप में हुई है। चंदन अपने दो दोस्तों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। चंदन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि गंगा में स्नान के दौरान एक युवक के डूबने की सूचना मिली है। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से उसकी तलाश की जा रही है।
