Today Breaking News

गाजीपुर के जितेंद्र पांडेय बने नायब तहसीलदार, UPPCS 2024 में 131वीं रैंक हासिल की

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सैदपुर क्षेत्र के नारी पचदेवरा गांव निवासी जितेंद्र पांडेय ने यूपी पीसीएस 2024 परीक्षा में 131वीं रैंक हासिल की है। उनका नायब तहसीलदार पद पर चयन हुआ है। जितेंद्र की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। उनके मित्र, परिजन और शुभचिंतक फोन व व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें बधाई दे रहे हैं। ग्रामीण इसे पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बता रहे हैं।
जितेंद्र शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा नंदगंज के शहीद स्मारक इंटर कॉलेज से उत्तीर्ण की। इसके बाद फैजाबाद में डॉ. अंबेडकर पॉलिटेक्निक कॉलेज से इंजीनियरिंग डिप्लोमा और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

जितेंद्र के पिता महेंद्र नारायण पांडेय का वर्ष 2016 में निधन हो गया था। वे लेखा परीक्षक के पद से सेवानिवृत्त थे। उनकी माता दुर्गावती देवी गृहिणी हैं। बड़े भाई राघवेंद्र पांडेय एक कृषि रसायन कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में परिवार सहारनपुर में निवास कर रहा है।

परिवार जल्द ही इस उपलब्धि की खुशी में अपने पैतृक गांव नारी पचदेवरा पहुंचेगा, जहां पूजा-अर्चना के साथ परिचितों से मुलाकात करेगा। वहीं, ग्रामीण भी जितेंद्र के सम्मान में समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं।