गाजीपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भदौरा ब्लॉक अंतर्गत गहमर के भीखमराय पट्टी में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय निशा के रूप में हुई है, जिसकी शादी विगत 24 फरवरी को लक्ष्मण यादव से हुई थी। निशा के बड़े पिता लल्लन यादव ने गहमर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के सात दिन बाद से ही ससुराल वाले निशा को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और सिकड़ी, अंगूठी व अन्य जेवर की मांग कर रहे थे।
लल्लन यादव ने बताया कि जब निशा ने यह बात अपने मायके वालों को बताई, तो ससुराल वालों ने उसे फोन पर भी बात नहीं करने दी। सोमवार सुबह निशा के ससुर ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। मायके पक्ष और पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने निशा को फंदे से नीचे उतार दिया था।
शिकायतकर्ता ने ससुर रामचंद्रिका यादव, सास राधिका देवी, पति लक्ष्मण यादव, देवर भरत यादव, भुवाल यादव और बृजेश यादव के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
