गाजीपुर में बारातियों से भरी कार पलटी, छह लोग गंभीर रूप से घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर-नगसर मार्ग पर सोमवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बारातियों से भरी एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 2 बजे उस समय हुआ जब सभी बाराती दिलदारनगर में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो जंगीपुर से बारात में शामिल होने आए थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और बिना देर किए सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों जियाउद्दीन, बबलू और धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, वाहन के अनियंत्रित हो जाने से यह हादसा हुआ। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।
