गाजीपुर में होली जुलूस में मारपीट में 28 लोगों पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के सरैला गांव में होली के जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई। यह घटना 4 मार्च की रात करीब 8:30 बजे हुई, जिसके बाद 28 लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ग्राम सरैला निवासी घुरा राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के अवसर पर उनकी बस्ती के युवक साउंड बॉक्स बजाते हुए गांव की गली से डॉ. प्रेमचंद कांडु के घर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां आ गए और विवाद शुरू हो गया।
यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर भी चले, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस घटना में राजकुमार, अतवारी देवी और सोनिया सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जावेद, सद्दाम, गब्बर सहित 28 लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
