गाजीपुर में अवैध असलहे के साथ युवक गिरफ्तार, देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर नगर के रंग महल मोहल्ले में बुधवार रात पुलिस ने अवैध असलहे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान होलीपुर गांव निवासी गोलू यादव (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसके पास से 315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सैदपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि सैदपुर चंदौली गंगापुर के नीचे रंग महल मोहल्ले में एक युवक नशे की हालत में अवैध असलाह लेकर कुछ लड़कों से मारपीट पर उतारू है।
सूचना मिलते ही कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध 315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गोलू यादव और पता होलीपुर गांव बताया।
थाने लाकर पूछताछ के बाद गुरुवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के निर्देश पर उसे जेल भेज दिया गया।
