गाजीपुर में 42 पेटी अवैध शराब बरामद, चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो छोड़ भागे तस्कर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां सर्किल के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद, कांस्टेबल प्रदीप सिंह और चीता मोबाइल टीम के कांस्टेबल अर्जुन व राहुल प्रजापति गगरन नहर पुलिया के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद स्कॉर्पियो में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरहुला चट्टी से करीब 300 मीटर आगे दिलदारनगर मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। लेकिन पुलिस को देखते ही वाहन सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 42 पेटी देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच (200 एमएल) ‘ब्ल्यू लाइम’ ब्रांड की शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 378 लीटर आंकी गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1.41 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर ही स्कॉर्पियो और शराब को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
