गाजीपुर में पांच शराब तस्कर गिरफ्तार, RPF और GRP ने की कार्रवाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष अभियान 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत की गई, जब गाड़ी संख्या 63230 डाउन प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर पहुंची थी।
निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नवीन कुमार और राजीव कुमार सहित अन्य स्टाफ ने ट्रेन की सघन जांच की। मुखबिर की सूचना पर बीच वाली यूनिट की तलाशी ली गई, जिसमें पांचों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वे इस शराब को बिहार ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कौशल कुमार, रंजन कुमार, सुजीत कुमार, रवि कुमार और कुंदन कुमार के रूप में हुई है। ये सभी पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके कब्जे से कुल 70.080 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 37,820 रुपये है।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में शराब ले जाना प्रतिबंधित है और इससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इस संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
