Today Breaking News

गाजीपुर में सैदपुर रेलवे क्रॉसिंग पर चला बुलडोजर, दर्जनों अतिक्रमण को किया जमींदोज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर नगर के सबसे व्यस्त स्थानों में शुमार रेलवे क्रॉसिंग के आसपास मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से दर्जनों अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। स्थानीय लोग इस कार्रवाई को रेलवे क्रॉसिंग पर संभावित ओवरब्रिज निर्माण से जोड़कर देख रहे हैं।
कार्रवाई की शुरुआत रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 40 वर्षों से बांस और पुआल के छप्पर डालकर रह रही लगभग 50 परिवारों की बस्ती से हुई। रेलवे द्वारा 6 दिन पूर्व नोटिस दिए जाने के बाद अधिकांश लोगों ने अपना सामान पहले ही हटा लिया था। बावजूद इसके, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया, लेकिन सुरक्षा बल के आगे उनकी एक नहीं चली।

कार्रवाई शुरू होते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बस्ती में रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके पास कोई वैकल्पिक जमीन नहीं है और वे वर्षों से यहीं अस्थायी रूप से रह रहे थे।

इसके बाद सड़क किनारे रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई लकड़ी की गुमटियों और टीन के छप्परों को भी जेसीबी से गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में सामान बचाने की होड़ मच गई और कई लोग खुद ही अपने कब्जे हटाते दिखे। इसके बावजूद कई लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

मौके पर मौजूद निर्माण निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि पिछले कई महीनों से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए जा रहे थे। 6 दिन पहले अंतिम नोटिस जारी किया गया था। चेतावनी के बावजूद कब्जा न हटाने पर रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही दोबारा कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई है।